KORßA:-कोरबा में तेज रफ्तार का कहर: बालको मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 4 युवक गंभीर रूप से घायल
*कोरबा, 28 अगस्त।जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर बालको चेक पोस्ट के समीप शुक्रवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर तीन युवक सवार थे जो बालको स्थित अमर होटल के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। वे काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चेक पोस्ट के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बालको थाना पुलिस को जानकारी दी। मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) प्रतीक चतुर्वेदी और बालको थाना पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चारों की हालत गंभीर है।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना हादसे की वजह सामने आई है।
बालको थाना पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









