प्रभारी सचिव ने पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरी कला का किया औचक निरीक्षण
शैक्षणिक गुणवत्ता, आवासीय व्यवस्थाओं एवं आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा, सुधार हेतु दिए आवश्यक निर्देश
कोरबा, 05 मई 2026/
प्रभारी सचिव श्री रोहित यादव ने आज विकासखंड कटघोरा अंतर्गत छुरी कला स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की प्रगति तथा उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन, पढ़ाई के वातावरण एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा करते हुए उनके अनुभव, शिक्षण पद्धति एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों के बारे में जाना।
प्रभारी सचिव ने विद्यालय के केमिस्ट्री लैब का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध उपकरणों एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थी किस प्रकार प्रयोगशाला का उपयोग कर रहे हैं। इसके पश्चात उन्होंने कक्षाओं एवं स्मार्ट क्लासरूम का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में आवश्यक वाइटवॉश, मरम्मत एवं सुधार कार्य ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि आगामी सत्र में विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके।
प्रभारी सचिव ने परीक्षा कक्ष का निरीक्षण कर प्रश्नपत्रों, परीक्षा पद्धति, पाठ्यक्रम एवं भाषा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्टाफ रूम में शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं से चर्चा करते हुए उन्हें प्रदान की जा रही प्रशिक्षण सुविधाओं तथा उनके अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन द्वारा इस विद्यालय को एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया गया है और इसमें और सुधार की संभावनाओं को चिन्हित कर उन्हें पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संपूर्ण जिम्मेदारी संस्था की होती है, इसलिए लंबी छुट्टियों का उनके अध्ययन पर प्रभाव पड़ता है। इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत उन्होंने विद्यालय के ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों एवं आर्टवर्क की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के टाइम-टेबल का अवलोकन कर उनकी दैनिक दिनचर्या के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। विद्यालय के प्राचार्य श्री असद अहमद ने बताया कि विद्यार्थियों को मोबाइल फोन की अनुमति नहीं है तथा सप्ताह में एक बार नियमित रूप से जांच भी की जाती है।
प्रभारी सचिव ने छात्रावास (हॉस्टल) की व्यवस्थाओं एवं शिक्षकों के आवास से संबंधित सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान लाइब्रेरी कक्ष का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। शिक्षकों द्वारा बताया गया कि लाइब्रेरी 24 घंटे संचालित रहती है, जिससे विद्यार्थी पुस्तकों एवं अन्य अध्ययन सामग्री के साथ निरंतर अध्ययन कर सकते हैं।
प्रभारी सचिव श्री यादव ने बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मेस में उपलब्ध भोजन एवं पेयजल सुविधाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने भोजन ग्रहण करने आई छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया एवं परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास मद से विभिन्न शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं संसाधन उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र कुमार पटेल, श्री ओंकार यादव, एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना, एसडीएम पाली श्री रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
KORßA:-प्रभारी सचिव ने पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरी कला का किया औचक निरीक्षण……शैक्षणिक गुणवत्ता, आवासीय व्यवस्थाओं एवं आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा, सुधार हेतु दिए आवश्यक निर्देश
Related Posts
About Us

Rameshwar Thakur
Owner & Editor
Disclaimer
श्री गणेशाय: नमः
छत्तीसगढ़ की खबरें प्राथमिकता से प्रकाशित की जाती हैं, जिसमें जनहित की सूचनाएं, समसामयिक घटनाओं पर आधारित खबरें प्रकाशित की जाती हैं। साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार / फोटो / वीडियो आदि) शामिल होगी।
SHIKHARKESRI.COM इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। साइट में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, इसके लिए SHIKHARKESRI.COM या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी ज़िम्मेदारी नहीं होगी।
Important Links
© 2025 Shikharkeshri.com | All Rights Reserved | Develop By Nimble Technology.


