KORßA;-जमनीपाली में धूमधाम से मनाई गई अग्रसेन जयंती, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा समाज
जमनीपाली। अग्रवाल सभा दर्री-जमनीपाली-जैलगांव के द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन जयंती रविवार को उत्साहपूर्वक धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर भवानी बाजार से झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समाजजनों द्वारा स्वागत एवं आरती का प्रबंध किया गया।
मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गिरधर गुप्ता खरसिया, सुशील अग्रवाल रायपुर और अतिविशिष्ट अतिथि जिला सांख्यिकी अधिकारी राकेश अग्रवाल सक्ती उपस्थित रहे। अतिथियों ने सर्वप्रथम महाराजा अग्रसेन और कुलदेवी मां लक्ष्मी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। तत्पश्चात अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान अग्रसेन जयंती सप्ताह महोत्सव की समस्त खेल प्रतियोगिताओं के विजेता-उपविजेताओं को अतिथियों के करकमलों से पुरस्कृत किया गया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सेवा, सहयोग, समरसता और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता को जीवन का आधार बनाया। गिरधर गुप्ता ने कहा कि अग्रसेन जी के एक रुपया और एक ईंट के संदेश को अपनाते हुए जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रशिक्षण और रोजगार मुहैया कराना चाहिए, तभी सामाजिक समानता आएगी।
सुशील अग्रवाल ने सामाजिक उत्थान के लिए एक लाख इक्यावन हजार रुपये देने की घोषणा की। जिला सांख्यिकी अधिकारी राकेश अग्रवाल ने कहा कि आज अग्रवाल समाज के छात्र-छात्राएं प्रशासनिक अधिकारी, सीए, वैज्ञानिक, उद्योगपति, खिलाड़ी और कलाकार के रूप में समाज का नाम रोशन कर रहे हैं, इसलिए बच्चों को शिक्षित करने के साथ संस्कारी भी बनाएं।
सभा के संरक्षक प्रेम अग्रवाल ने बताया कि सामाजिक सहयोग से ही सभा यहां तक पहुंची है। दर्री-जमनीपाली के सभी सदस्यों के साथ रायपुर, कोरबा, नैला, पेंड्रा, खरसिया, सक्ती आदि स्थानों से भी सहयोग मिला है। अग्रवाल महिला मंडल अध्यक्ष संगीता पालीवाल ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन सभा के उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया और सचिव मनोज अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।









