बांगो बांध 93% से ऊपर भरा, आज रात खोले गए 3 गेट; हसदेव नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ अलर्ट
कोरबा। लगातार हो रही बारिश के कारण मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में पानी की आवक तेज हो गई है। आज सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच बांध के जलस्तर में 14 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। शाम 4 बजे तक जलस्तर 358.49 मीटर यानी लगभग 93 प्रतिशत तक पहुंच गया था।
बांगो बांध संभाग-03 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया था कि इनफ्लो 38,230 क्यूसेक और आउटफ्लो 9,000 क्यूसेक है। यदि आवक इसी दर से जारी रही तो रात में गेट खोलना पड़ेगा।
शाम 6.30 बजे की अपडेट –
ताजा जानकारी के अनुसार शाम 6.30 बजे जलस्तर बढ़कर 358.60 मीटर (93.65%) हो गया। इसके बाद शाम 7 बजे बांध के 3 गेट खोले गए हैं। गेट नंबर 5 को 0.40 मीटर, गेट नंबर 6 को 0.70 मीटर और गेट नंबर 7 को 0.40 मीटर यानी कुल 1.50 मीटर की ओपनिंग की गई है।
वर्तमान में गेटों से 8837 क्यूसेक और जल विद्युत संयंत्र से 9000 क्यूसेक, कुल 17,837 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
विभाग ने हसदेव नदी किनारे और बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों, खदान ठेकेदारों और औद्योगिक इकाइयों से अपनी चल-अचल संपत्ति सुरक्षित स्थान पर ले जाने की अपील की है।
प्रशासन ने बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, लेपरा, पाथा, छिनमेर, कछार, डुगुपारा, कोरियाघाट, धनगांव, सोनगुड़ा, जेलगांव, स्याहीमुड़ी सहित करीब 40 संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में मुनादी के निर्देश दिए हैं।
कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया है कि आकस्मिक बाढ़ से होने वाली किसी भी क्षति के लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। नागरिकों से नदी किनारे न जाने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
आज दिनांक 02/09/2026 को शाम 6.30 बजे बांगो बांध का जल स्तर 358.60 मीटर (93.65%)हो गया है। शाम 7 बजे 3 गेट (5/0.40 मीटर, 6/0.70 मीटर, 7/0.40 मीटर) टोटल ओपनिंग 1.50 मीटर खोला गया है।
वर्तमान में बांगो बांध के जल द्वारों से 8837 क्यूसेक एवं जल विद्युत संयंत्र से 9000 क्यूसेक ( टोटल 17837 क्यूसेक) पानी छोड़ जा रहा है।









