

KORßA:-संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध : जयसिंह अग्रवाल
रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा संचालित देशव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत संविधान दिवस के अवसर पर आज रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ‘संविधान रक्षा मार्च’ में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल शामिल हुए।
इस अवसर पर AICC से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत सहित प्रदेश के पूर्व मंत्रीगण, विधायकगण, पूर्व विधायकगण, वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस रैली में कोरबा कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष शहर मुकेश कुमार राठौर सहित अनेक पदाधिकारियों और वरिष्ठ कांग्रेसियों ने सहभागिता निभाई.
मार्च में सहभागिता करते हुए श्री अग्रवाल ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों तथा मताधिकार की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार स्तंभ है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान किया है। इन संवैधानिक मूल्यों एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के मताधिकार में निहित है। निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया और प्रत्येक पात्र नागरिक के मत की सुरक्षा लोकतंत्र की अनिवार्य शर्त है। कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण और जनता की आवाज बुलंद करने के लिए निरंतर संघर्षरत है।
उन्होंने संविधान दिवस पर संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण करते हुए देश की संवैधानिक परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
सुरेश कुमार अग्रवाल
कार्यालय महामंत्री
कोरबा जिला कांग्रेस कार्यालय



