कोरबा: बिजली बिल और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, 10 दिन में सुधार नहीं तो निगम कार्यालय का घेराव
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक शनिवार को टी.पी. नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में स्मार्ट मीटर बदले जाने, महंगी बिजली, 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना बहाल करने, जर्जर सड़कों और शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि त्योहार नजदीक हैं, लेकिन महंगाई बेलगाम हो गई है। रसोई से लेकर सफर तक महंगाई की मार है। चीनी 40 रुपये से बढ़कर 72 रुपये और प्याज 25 रुपये से बढ़कर 45 रुपये किलो हो गई है, जिससे आम और मध्यम वर्ग का बजट बिगड़ गया है। प्रदेश में दो साल में 5 बार बिजली दर बढ़ाई गई और 400 यूनिट हाफ बिजली योजना को बंद करने की साजिश हो रही है।
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद के कार्यकाल में विपक्ष सड़कों पर बजरी-गिट्टी के लिए हल्ला करता था, लेकिन आज शहर की लगभग सभी सड़कें बदहाल हैं। बरसात में निगम शुद्ध पेयजल तक नहीं दे पा रहा है। 17 महीनों में भाजपा शासित निगम मूलभूत सुविधाएं देने में विफल रहा है।
जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार 24 अगस्त को सुबह 10 बजे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 10 दिनों के भीतर सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई में सुधार की मांग करेगा। सुधार नहीं होने पर 11वें और 12वें दिन नगर निगम कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन कर घेराव किया जाएगा।









