भीषण गर्मी में बढ़ा आग का खतरा-सावधानी ही सुरक्षा-जिला चेंबर अध्यक्ष योगेश जैन……
कोरबा । कोरबा जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते आगजनी की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। बाजारों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बढ़ते विद्युत लोड और पुरानी वायरिंग के कारण खतरा और अधिक बढ़ गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन ने सभी व्यापारी बंधुओं से सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने अपील की है। योगेश जैन ने कहा कि गर्मी के मौसम में एसी, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अधिक उपयोग से बिजली की खपत कई गुना बढ़ जाती है। यदि पुराने या कमजोर वायर पर अधिक लोड डाला जाए, तो वायर ओवरहीट होकर ब्लास्ट हो सकते हैं, जिससे आग लगने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने विशेष रूप से सलाह दी कि एसी जैसे भारी उपकरणों के लिए अलग से नई और मजबूत वायरिंग (डेडिकेटेड लाइन) अवश्य लगाई जाए। साथ ही वायरिंग में अनावश्यक जोड़ (जॉइंट) न रखें, क्योंकि ढीले या असुरक्षित जोड़ शॉर्ट सर्किट और आगजनी का बड़ा कारण बनते हैं। चेंबर अध्यक्ष ने सभी दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों में फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखने और समय-समय पर उसे रिचार्ज करवाने अपील की। इसके अलावा, बिजली की वायरिंग और स्विच बोर्ड की नियमित जांच करवाने तथा ओवरलोडिंग से बचने की सलाह दी गई। योगेश जैन ने कहा कि यदि समय रहते थोड़ी सी सावधानी बरती जाए, तो बड़े हादसों को टाला जा सकता है। किसी भी प्रकार की स्पार्किंग, जलने की गंध या वायरिंग में गड़बड़ी दिखे तो तुरंत सुधार कराना चाहिए।
