



KORßA:-तेज बारिश ने बिगाड़ी कोरबा की तस्वीर: गलियां जलमग्न, कनकी-कावेरी मार्ग पर पुनर्वास के लिए डंप की गई मिट्टी ढहा, सड़क पर मलबे का सैलाब; बस और कार फंसी यातायात ठप….
कोरबा। जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार बारिश के चलते शहर की कई गलियों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नालियों के जाम होने से बारिश का पानी सड़कों पर बहता नजर आया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी बीच सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग पर हालात और भी गंभीर हो गए। यहां पुनर्वास कार्य के लिए डंप की गई मिट्टी का बड़ा हिस्सा तेज बारिश के पानी के साथ सड़क पर आ गया। देखते ही देखते सड़क पर बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा जमा हो गया, जिससे मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई।
मिट्टी और मलबे के बीच कोरबा से बिलासपुर जा रही एक यात्री बस और एक कार फंस गई। वाहनों के फंसने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद SECL और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सड़क पर जमा मिट्टी और मलबे को हटाने के लिए मशीनों और कर्मचारियों की मदद से सफाई का काम शुरू किया गया। टीम का प्रयास है कि मलबा हटाकर मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल किया जा सके और फंसे वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
तेज बारिश के कारण शहर में जलभराव और कनबेरी मार्ग पर मिट्टी के बहाव ने जल निकासी और सड़क किनारे डंप की गई मिट्टी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर बार कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनती है।
फिलहाल मौके पर संबंधित अमला मौजूद है और सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है। मार्ग पर यातायात सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









