
पुलिस विभाग 15 दिन में करेगा पासपोर्ट का भौतिक सत्यापन-आईजी ने दिए निर्देश
कोरबा पुलिस विभाग अब 15 दिन में पासपोर्ट का भौतिक सत्यापन करेंगा। रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के एसपी की बैठक लेकर यह सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने साफ कहा कि पुलिसिंग में ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं होगी और हर काम तय समयसीमा में पूरा करना होगा। बैठक में आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता में रखते हुए पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए गए। भौतिक जांच के नाम पर बार-बार लोगों को थाने बुलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने को कहा गया। आईजी ने रेंज में लंबित 2374 मर्ग मामलों पर नाराजगी जताते हुए खासकर 2024 से पहले के मामलों को तत्काल निकालकर निपटाने के निर्देश दिए। हत्या जैसे गंभीर मामलों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जांच में देरी न हो। इसके अलावा हाईवे पेट्रोलिंग को मजबूत करने और माइनिंग क्षेत्रों में काम करने वाले बाहरी मजदूरों की एंट्री व मूवमेंट का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया। दूसरे राज्यों में दबिश के दौरान पुलिस टीमों को तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में रायगढ़, मुंगेली, कोरबा और सक्ती सहित रेंज के सभी जिलों के एसपी उपस्थित रहे।
