सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, ‘जय कन्हैया लाल की’ से गूंजा परिसर
दर्री। सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की।
इस अवसर पर कक्षा अरुण से पंचम तक के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा धारण की। नन्हे बाल-गोपाल और राधा रानी के रूप में सजे बच्चों की आकर्षक छवि ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने कृष्ण-भक्ति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां भी दी, जिससे पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
विद्यालय में बड़े बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने सभी प्रतिभागी भैया-बहनों को शुभकामनाएं दीं और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उपहार वितरित किए। इस आयोजन ने बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का सुंदर अवसर प्रदान किया।









