KORßA:-राशन कार्ड से 109 ग्रामीणों के नाम गायब, निवाले पर संकट…….





बिना सूचना काट दिए गए गरीब परिवारों के नाम…….
राशन दुकान पहुंचने पर चला पता, शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे सुवरलोट के ग्रामीण
कोरबा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब परिवारों को मिलने वाले राशन पर सरकारी व्यवस्था की लापरवाही भारी पड़ रही है। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सुवरलोट में करीब 109 ग्रामीणों के नाम राशन कार्ड से कट जाने का मामला सामने आया है। किसी का पूरा राशन कार्ड बंद कर दिया गया है तो किसी परिवार के सदस्यों के नाम विलोपित कर दिए गए हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद प्रभावित ग्रामीणों में नाराजगी है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर राशन कार्ड पुनः चालू कराने तथा खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार वे लंबे समय से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन प्राप्त कर रहे थे। लेकिन हाल ही में जब वे राशन लेने उचित मूल्य की दुकान पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनके राशन कार्ड बंद कर दिए गए हैं अथवा परिवार के सदस्यों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में उन्हें पहले कोई जानकारी नहीं दी गई। अचानक नाम कटने से गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न की समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और सरकारी राशन पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में बिना स्पष्ट कारण राशन कार्ड बंद होने से उनके परिवारों के सामने भोजन की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर नाम काटे जाने का कारण स्पष्ट करने और पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड पुनः चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि प्रभावित परिवारों के नाम राशन कार्ड में बहाल कर उन्हें पूर्व की तरह नियमित राशन उपलब्ध कराया जाए। अब देखना होगा कि गरीब परिवारों के निवाले से जुड़ी इस समस्या पर जिला प्रशासन कितनी जल्दी संज्ञान लेकर राहत दिलाता है।


