

KORßA:-पोड़ी-उपरोड़ा में निर्माण कार्यों पर कमीशनखोरी के आरोप, तकनीकी सहायक को हटाने कलेक्ट्रेट पहुंचे सरपंच संघ ने कलेक्टर को सौंपा शिकायत पत्र……
0 मनरेगा और विकसित भारत-जी राम जी के कार्यों में 5 से 6 प्रतिशत कमीशन मांगने का लगाया आरोप
कोरबा। ग्रामीण विकास की योजनाओं में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर पोड़ी-उपरोड़ा जनपद पंचायत का मामला कलेक्ट्रेट पहुंच गया है। जनपद पंचायत के सरपंच संघ ने तकनीकी सहायक एवं प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी दिलीप मेहता पर निर्माण कार्यों की स्वीकृति से लेकर बिल भुगतान तक कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। संघ के पदाधिकारियों और सरपंचों ने कलेक्टर कुणाल दुदावत को शिकायत पत्र सौंपकर संबंधित अधिकारी को पद से हटाने और मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
सौंपे गए शिकायत पत्र में सरपंच संघ ने आरोप लगाया है कि तकनीकी सहायक दिलीप मेहता पिछले चार-पांच वर्षों से क्षेत्र में कार्यरत हैं और उनके कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्यों में कथित रूप से कमीशनखोरी की जा रही है। आरोप है कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत सामग्री आधारित कार्यों की स्वीकृति के लिए 5 से 6 प्रतिशत कमीशन मांगा जाता है। मनरेगा के कार्यों में भी स्वीकृति और बिल भुगतान के लिए इसी तरह कमीशन लेने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सामग्री आपूर्ति से जुड़े बिलों का भुगतान अपने सहयोगियों के खातों के माध्यम से कराया जाता है।शिकायत पत्र में पूर्व में मनरेगा के तहत हितग्राहीमूलक कुआं निर्माण कार्यों का भी उल्लेख किया गया है। सरपंच संघ का आरोप है कि कुआं निर्माण की स्वीकृति दिलाने के लिए प्रत्येक कुएं पर 10 हजार रुपये तथा बिल भुगतान के लिए 15 हजार रुपये तक कमीशन लिया गया। इसके लिए एफटीओ भी तैयार कराए गए, लेकिन शिकायत के अनुसार संबंधित भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। सरपंच संघ ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित तकनीकी सहायक को प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी के पद से हटाने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। एक ओर शासन ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत भवन, शौचालय, जल संरक्षण और रोजगारमूलक कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है, वहीं दूसरी ओर इन्हीं योजनाओं में कमीशनखोरी के आरोप सामने आने से पंचायत स्तर पर कार्यों के क्रियान्वयन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की जांच और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बॉक्स
आदिवासी क्षेत्र की पंचायतों को गुमराह करने का आरोप
सरपंच संघ ने शिकायत में पोड़ी-उपरोड़ा को आदिवासी विकासखंड बताते हुए आरोप लगाया है कि पंचायत प्रतिनिधियों को गलत तरीके से प्रभावित किया जा रहा है। वर्तमान में 21 नवीन पंचायत भवनों के निर्माण कार्यों की स्वीकृति के लिए भी 6 प्रतिशत कमीशन की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा बालिका शौचालय और सीसी भवनों की स्वीकृति में भी 5 से 6 प्रतिशत कमीशन मांगने की बात शिकायत में कही गई है।



