
सक्ती के साईं मंदिर से चांदी के मुकुट की चोरी का खुलासा, 95 हजार का मुकुट बरामद; MP का हिस्ट्रीशीटर समेत 2 गिरफ्तार
सक्ती। थाना सक्ती क्षेत्र के महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने भगवान साईं का 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट, कीमत 95,000 रुपये बरामद करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
प्रार्थी विजय बहादुर ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि साईं मंदिर से भगवान के चांदी के मुकुट की चोरी हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने संदेही *सतीश दुबे, पिता महेश दुबे, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बिछुआ, थाना गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर (म.प्र.)* को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी *ननकी राम चौहान, पिता लछन राम चौहान, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम खम्हार, चौकी जोबी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़* के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी गया 500 ग्राम चांदी का मुकुट गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया।
*आरोपी MP का हिस्ट्रीशीटर:*
जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी सतीश दुबे थाना पलोहा बड़ा, जिला नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) का निगरानी हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध पूर्व में चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं और स्थायी वारंट भी लंबित है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।









