


KORBA:-कनकी पंचायत में एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि के दुरुपयोग का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन से की शिकायत
निर्माण कार्यों में अनियमितता, अधूरी सीसी रोड और नल-जल योजना में गड़बड़ी की जांच की मांग
कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत कनकी के ग्रामीणों ने पंचायत की सरपंच एवं सचिव पर शासकीय राशि के दुरुपयोग, विकास कार्यों में अनियमितता और पदीय दायित्वों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत प्रस्तुत की है। 5 अक्टूबर 2026 को प्रस्तुत शिकायत में ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत कनकी में निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, स्वच्छता संबंधी कार्यों तथा नल-जल योजना के क्रियान्वयन में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण कार्य के पूर्ण नहीं होने का भी उल्लेख किया है। शिकायत में इस कार्य के लिए 4 लाख 93 हजार 700 रुपये की राशि का जिक्र किया गया है।
इसके अलावा, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के तहत हितग्राहियों के चयन और लाभ वितरण में भेदभाव किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि पंचायत में कथित अनियमितताओं के तहत एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों, शासकीय राशि के उपयोग, नल-जल योजना और हितग्राहीमूलक योजनाओं की जांच कराई जाए तथा जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाए।










