KORßA:-बच्चों की सुरक्षा के लिए शिक्षकों को दिया गया पॉक्सो एक्ट एवं साइबर अपराधों का विशेष प्रशिक्षण…..
सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों को बाल संरक्षण और साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
कोरबा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत चिन्हित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा शिक्षकों को बच्चों के अनुकूल विधिक सेवाओं एवं उनके संरक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रन स्कीम के संबंध में विस्तार से बताया गया। साथ ही बच्चों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा, उनके लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंद बच्चों को विधिक सहायता प्रदान करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बालकों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। इसके साथ ही साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, मोबाइल हैकिंग, फर्जी एपीके फाइल, डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से समझाया गया। शिक्षकों को बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें।
मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को बाल संरक्षण एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना था, ताकि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकें।



