
साइबर जागृति के संकल्प के साथ कथा मंच से एसपी जांजगीर-चांपा का संदेश: अनिरुद्धाचार्य महाराज ने लाखों श्रद्धालुओं को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक
1 लाख की भीड़ में दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
*जांजगीर-चांपा।* साइबर जागृति अभियान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा एक अनूठी पहल की गई। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS)
द्वारा प्रसिद्ध आध्यात्मिक शिक्षक एवं कथावाचक *परम पूज्य अनिरुद्धाचार्य जी महाराज* के साथ मंच साझा कर कथा स्थल से उपस्थित लाखों नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कथा के दौरान व्यास पीठ के माध्यम से एक प्रश्न के रूप में साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे, उससे बचाव के उपायों और सतर्कता बरतने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अनिरुद्धाचार्य जी ने अपने आध्यात्मिक प्रवचनों के बीच नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक, फोन कॉल और लालच भरे ऑफर से बचें और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।
इस अवसर पर एसपी श्री विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि आस्था के इस विशाल संगम के माध्यम से लोगों को जागरूक करना अधिक प्रभावी है। पुलिस का उद्देश्य है कि कोई भी नागरिक साइबर ठगी का शिकार न हो।
गौरतलब है कि कथा में प्रतिदिन लगभग *1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं* की भीड़ उमड़ रही है, जिसका प्रबंधन जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा अत्यंत कुशलता, अनुशासन और सेवा भाव के साथ किया जा रहा है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ-साथ पुलिस द्वारा इस धार्मिक आयोजन को साइबर जागरूकता के जन-अभियान में बदल दिया गया है, जिसकी सर्वत्र सराहना हो रही है।









