JANJGIR-CHAMPA: चांपा पुलिस की अनूठी पहल, सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों को यातायात, साइबर अपराध और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक
* थाना चांपा पुलिस की अनूठी पहल स्कूली बच्चों को यातायात नियमों, साइबर अपराध एवं नशामुक्ति के प्रति किया गया जागरूक
* सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों को मिली सुरक्षित यातायात एवं अपराधों से बचाव की सीख
*पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS* के निर्देशन में निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे के नेतृत्व में चांपा पुलिस द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा में स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर अपराधों, बालक-बालिकाओं से संबंधित अपराधों तथा नशामुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की समझाइश दी गई।
पुलिस द्वारा बताया गया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर ट्रिपल सवारी न बैठें तथा मोटरसाइकिल चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। साथ ही साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं निजी जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
इसके अतिरिक्त बच्चों को बालक- बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति सजग रहने, किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी अभिभावकों एवं पुलिस को देने तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
चांपा पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा, जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित कर सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।










