KORBA:-कोरबा: “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत एएसपी ने कैश वैन चालकों-गार्डों को दी समझाइश, एसओपी पालन के सख्त निर्देश_
*“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”: कैश वैन की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, एएसपी ने चालक-गार्डों को दिए जरूरी निर्देश*
*कोरबा।* जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बैंक कैश वैन चालकों और सुरक्षा गार्डों के साथ मीटिंग कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर एएसपी लखन पटले ने एसपी कार्यालय में सभी बैंकों के कैश वैन स्टाफ को कैश परिवहन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया। एएसपी बोले- लापरवाही बनी तो होगी घटना
एएसपी लखन पटले ने कहा कि बैंक कैश वैन की सुरक्षा बेहद संवेदनशील है। कैश परिवहन में जरा सी लापरवाही बड़ी वारदात का कारण बन सकती है। सभी चालक और सुरक्षा गार्ड पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करें।
1. कैश परिवहन में एसओपी और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य पालन करें।
2. वैन निर्धारित रूट और समय पर चलाएं, बेवजह कहीं न रोकें।
3. पूरी यात्रा में सतर्क रहें, संदिग्ध व्यक्ति और वाहन पर नजर रखें।
4. कैश लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान बैंक परिसर के आसपास विशेष निगरानी रखें।
5. संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत डायल-112, कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना दें।
6. ड्यूटी में लापरवाही न करें, सुरक्षा उपकरण और संचार माध्यम हमेशा चालू रखें।
7. सुरक्षा गार्ड हथियार समेत पूरी तरह तैयार रहें, निर्धारित स्थान न छोड़ें।
8. कैश वैन से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनधिकृत व्यक्ति से साझा न करें।
एएसपी ने सभी कैश वैन चालकों और गार्डों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराध नियंत्रण और जनजागरूकता के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।



