कोरबा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सत्यम साहू बने बांकीमोंगरा थाना प्रभारी
कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिला पुलिस बल में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। आदेश के तहत निरीक्षक, उप निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक सत्यम साहू, जो वर्तमान में रक्षित केंद्र कोरबा में पदस्थ थे, उन्हें थाना प्रभारी बांकीमोंगरा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बांकीमोंगरा थाना प्रभारी उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह को रक्षित केंद्र कोरबा भेजा गया है।
इसी तरह प्रआर 957 मनहरण सिंह मरावी और आरक्षक 19 भूपेन्द्र कुमार पटेल को रक्षित केंद्र कोरबा से थाना कटघोरा पदस्थ किया गया है। कांस्टेबल 562 अजय कुमार महिलांगे, जो चौकी रजगामार में पदस्थ थे, उन्हें भी थाना कटघोरा भेजा गया है। इसके अलावा आरक्षक 664 नरेश कुमार यादव, जो थाना दर्श में पदस्थ थे, उनकी नई पदस्थापना थाना कटघोरा की गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारी-कर्मचारी नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल आमद देना सुनिश्चित करेंगे। यह पदस्थापना अग्रिम आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।









