

KORßA:-: सेवा की कहानी : नमकीन के स्वाद के साथ बढ़ी आमदनी, पीएमएफएमई योजना से महेंद्र ने शुरू किया अपना कारोबार
आधुनिक मशीनों से बढ़ी उत्पादन क्षमता, शासकीय सहयोग से बाजार तक पहुंचा महेंद्र का नमकीन व्यवसाय’
कोरबा 23 सितम्बर 2026/
अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने के बाद उसे आगे बढ़ाने के लिए पूंजी की जरूरत होती है। ऐसे समय में शासकीय योजनाओं से मिलने वाला वित्तीय सहयोग छोटे उद्यम को नई क्षमता दे सकता है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के जरिए खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों को ऋण और अनुदान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कोरबा शहर के सीएसईबी कॉलोनी, बुधवारी बाजार निवासी श्री महेंद्र कुमार देवांगन ने इसी सहायता का उपयोग अपने मिक्चर एवं नमकीन निर्माण व्यवसाय को विस्तार देने में किया।
महेंद्र ने बताया उनका खुद का कारोबार शुरू करने की इच्छा बहुत पहले से थी। पर व्यवसाय के लिए शुरुआत में लगने वाली बड़ी राशि जुटाने की समस्या थी। ऐसे में उन्हें विभाग के माध्यम से योजना की जानकारी मिली। व्यवसाय को आगे बढ़ाने की संभावना को देखते हुए उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से संपर्क किया और आवेदन प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद बैंक से 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। परियोजना के लिए उन्हें 35 प्रतिशत के हिसाब से लगभग 3.50 लाख रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ। शेष ऋण राशि वे आसान किश्तों और किफायती ब्याज दर के माध्यम से चुका रहे हैं।
मिली वित्तीय सहायता से महेंद्र ने मिक्चर सहित अलग-अलग प्रकार के नमकीन तैयार करने के लिए नई मशीनें खरीदीं। मशीनों के आने से उत्पादन बढ़ा और बाजार की मांग के अनुरूप अधिक मात्रा में नमकीन तैयार करना संभव हुआ। आज उनके उत्पाद आसपास के होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों तक पहुंच रहे हैं। शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भी उन्हें ऑर्डर मिलते हैं। व्यवसाय के विस्तार के साथ वे नियमित रूप से अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
महेंद्र बताते हैं कि योजना से पहले उनके पास आय का कोई स्थायी और निश्चित जरिया नहीं था। कारोबार को आगे बढ़ाने के बाद आमदनी में वृद्धि हुई है, जिससे परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने में सुविधा हो रही है और जीवन में स्थिरता आई है।
अपने अनुभव को साझा करते हुए श्री महेंद्र कुमार देवांगन कहते हैं, “योजना की जानकारी मिलने के बाद मुझे लगा कि अपने काम को बड़े स्तर पर ले जाने का अवसर मिल सकता है। ऋण और अनुदान मिलने से आधुनिक मशीनें खरीद पाया। अब उत्पादन पहले से काफी बढ़ गया है और आसपास के दुकानदारों, होटल-रेस्टोरेंट से लगातार काम मिल रहा है। शादी-विवाह के ऑर्डर भी आते हैं। पहले आमदनी का कोई निश्चित जरिया नहीं था, लेकिन अब अपने व्यवसाय से अच्छी आय हो रही है और परिवार की जरूरतें आसानी से पूरी कर पा रहा हूं।”
महेंद्र ने कहा कि शासकीय योजनाओं से मिले सहयोग ने उन्हें अपने व्यवसाय में निवेश करने, उत्पादन बढ़ाने और रोजगार के अवसर तैयार करने में मदद की है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके लिए अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाना संभव हुआ है।









